महुआ के पेड़ से लटका मिला युवक का शव, इलाके में सनसनी

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज


महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के धरमौली गांव में सोमवार सुबह एक युवक का शव महुआ के पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


जानकारी के अनुसार धरमौली निवासी इजहार उर्फ भोलू (24) का शव अटकहवा स्थित एक बगीचे में महुआ के पेड़ से फंदे के सहारे लटका मिला। सुबह टहलने गए ग्रामीणों की नजर जब शव पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।


बताया जा रहा है कि इजहार करीब तीन वर्ष बाद विदेश से अपने घर लौटा था। कुछ माह पहले उसका सड़क हादसा भी हुआ था, जिसके बाद से परिजनों के अनुसार उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं रह रही थी। वह छह भाइयों में चौथे नंबर पर था।


परिजनों ने बताया कि सोमवार भोर में सेहरी करने के बाद वह घर से निकला था। कुछ समय बाद ही गांव के पास स्थित बगीचे में उसका शव पेड़ से लटका मिला।


सूचना मिलते ही परतावल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।


इस संबंध में चौकी प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *