तहसील परिसर में हैंडपंप के आसपास जलभराव से उठ रही दुर्गंध, गंदगी के बीच पानी लेने को मजबूर लोग

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



कीचड़ और गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा, अधिवक्ताओं ने स्थायी जलनिकासी की उठाई मांग

हर्षोदय टाइम्स / अर्जुन चौधरी

निचलौल / महराजगंज। तहसील परिसर में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था के बावजूद हैंडपंप तक पहुंचने में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। तहसील के पूर्वी गेट के पास लगे इंडिया मार्का हैंडपंप के आसपास लंबे समय से जलभराव, कीचड़ और गंदगी बनी हुई है। जमा गंदे पानी से उठ रही दुर्गंध के बीच अधिवक्ताओं, वादकारियों और तहसील आने वाले लोगों को पानी लेने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इससे संक्रमण के साथ ही फिसलकर हादसा होने की आशंका भी बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार, तहसील परिसर में आने वाले अधिवक्ताओं, वादकारियों और आम लोगों की सुविधा के लिए पूर्वी गेट के पास इंडिया मार्का हैंडपंप लगाया गया है। हैंडपंप चालू हालत में है और उससे पानी भी मिल रहा है, लेकिन जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण उसके आसपास पानी जमा रहता है। कई दिनों से जमा पानी में गंदगी और कीचड़ होने के कारण अब दुर्गंध भी उठने लगी है।
जलभराव और कीचड़ की वजह से हैंडपंप तक पहुंचना भी मुश्किल हो गया है। पानी लेने के दौरान लोगों के पैर फिसलने का खतरा बना रहता है। अधिवक्ता सरयू पांडेय ने बताया कि हैंडपंप से पानी ठीक मिल रहा है, लेकिन उसके पास पहुंचना जोखिम भरा हो गया है। इसी कारण कई अधिवक्ता अब घर से ही पानी लेकर तहसील पहुंचने को मजबूर हैं।

बार एसोसिएशन के महामंत्री मनोज राय ने बताया कि हैंडपंप के आसपास जलभराव और गंदगी की समस्या से संबंधित अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक इसका स्थायी समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने जलनिकासी की उचित व्यवस्था कराने के साथ ही तहसील परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने की मांग की।

एसडीएम सिद्धार्थ गुप्ता ने बताया कि तहसील कार्यालय परिसर के बीच में आरओ प्लांट लगा हुआ है। पूर्वी गेट के पास जलभराव और गंदगी की जानकारी मिली है। जल्द ही मौके पर साफ-सफाई कराकर जलभराव की समस्या का समाधान कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *