हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। सदर विकासखंड के ग्राम पंचायत कटहरा में जलभराव और जर्जर सड़कों की समस्या से ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। लगातार हो रही बारिश के बीच कई प्रमुख मार्गों पर पानी भर जाने और सड़कों के टूट जाने से लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। समस्या के स्थायी समाधान की मांग को लेकर ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में बताया गया है कि शिवपुर, कटहरा चौराहा तथा चोरघटिया (आनंदनगर) को जोड़ने वाले मार्गों पर लंबे समय से जलभराव की स्थिति बनी हुई है। वहीं रामनगर, आजाद नगर, समय स्थान और उसरहवा वन टांगिया टोला की सड़कें जगह-जगह से क्षतिग्रस्त होकर गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। इससे पैदल राहगीरों, स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और वाहन चालकों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि सावन माह में प्राचीन शिव मंदिर में जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु इन्हीं रास्तों से गुजरते हैं। ऐसे में जलभराव, कीचड़ और टूटी सड़कें न केवल आवागमन में बाधा बन रही हैं, बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ा रही हैं। लगातार बारिश के कारण स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस संबंध में कई बार संबंधित विभागीय अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी व्याप्त है।
ग्रामीण मिथिलेश सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता रवींद्र जैन, समीर अंसारी, नरेंद्र गौंड, रामहरख, सिकंदर, रामबचन साहनी, मेवालाल, जीतन और मनोज गौतम ने जिलाधिकारी से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल जलनिकासी की व्यवस्था कराई जाए तथा क्षतिग्रस्त सड़कों का निरीक्षण कर शीघ्र मरम्मत कराई जाए, ताकि ग्रामीणों और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

