हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
परतावल/महाराजगंज। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के पिपरालाल गांव में एक महिला के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता मेनका गौड़ ने थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि शुक्रवार की सुबह करीब 10:06 बजे ज्योती गौड़ पत्नी अमन गौड़ मायके से पहुंची और उनके घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़ दिया।
पीड़िता के अनुसार, इसके बाद ज्योती गौड़ के पिता अशोक गौड़ तथा भाई विशाल गौड़ व पंकज गौड़, निवासी बनकटा थाना कप्तानगंज जनपद कुशीनगर, मौके पर पहुंचे। आरोप है कि सभी ने मिलकर भद्दी-भद्दी गालियां दीं और विरोध करने पर महिला के साथ मारपीट की। इस दौरान आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे पीड़िता भयभीत हो गई।
इस संबंध में थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है तथा तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


