शिकायत के लिए नंबर जारी, लेकिन फोन नहीं उठा, पूर्ति विभाग की व्यवस्था पर उठे सवाल

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज

नौतनवा/महराजगंज। पेट्रोलियम पदार्थों से जुड़ी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए जिला पूर्ति अधिकारी ए०पी० सिंह द्वारा जारी किए गए मोबाइल नंबर अब सवालों के घेरे में आ गए हैं। उपभोक्ताओं का आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने के लिए जारी नंबर पर कॉल करने के बावजूद अधिकारियों द्वारा फोन रिसीव नहीं किया जा रहा है।


गौरतलब है कि गुरुवार को जिला प्रशासन की ओर से घरेलू गैस सिलेंडर, डीजल और पेट्रोल से संबंधित समस्याओं के समाधान हेतु जनपद के विभिन्न क्षेत्रों के लिए अधिकारियों के मोबाइल नंबर सार्वजनिक किए गए थे। इसी क्रम में नौतनवा व लक्ष्मीपुर क्षेत्र की जिम्मेदारी पूर्ति निरीक्षक हर्षवर्धन श्रीवास्तव को सौंपते हुए उनका मोबाइल नंबर 7007735410 जारी किया गया।


लेकिन शुक्रवार सुबह से ही कई उपभोक्ताओं ने लगातार इस नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया, परंतु उन्हें कोई जवाब नहीं मिला। ऐसे में लोगों के बीच यह सवाल उठने लगा है कि जब अधिकारी फोन तक नहीं उठा रहे, तो शिकायतों का निस्तारण कैसे संभव होगा।


इस मुद्दे को लेकर सोशल मीडिया पर भी नाराजगी देखने को मिल रही है। मोहम्मद सलीम, रामराज शर्मा और भानु कुमार सहित कई लोगों ने व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस तरह की लापरवाही से आम जनता की समस्याएं और बढ़ रही हैं।


स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि शिकायत दर्ज कराने की व्यवस्था केवल कागजों तक सीमित रह जाए, तो उसका कोई औचित्य नहीं रह जाता। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से अपील की है कि वे अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए उपभोक्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से लें, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

पीड़ित उपभोक्ता उपरोक्त नंबर पर कई बार कॉल किया लेकिन रिसीव नहीं हुआ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *