काला झंडा दिखने वाले युवक को समर्थकों ने की पिटाई, पुलिस ने लिया हिरासत में
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज जिले के छत्रपति शाहूजी महाराज कलेक्ट्रेट मैदान में सोमवार को आयोजित सामाजिक समरसता महारैली के दौरान उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब एक युवक ने मंच के पास पहुंचकर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ओमप्रकाश राजभर को काला झंडा दिखाकर विरोध दर्ज कराया। विरोध के इस प्रयास के बाद वहां मौजूद पार्टी कार्यकर्ता भड़क उठे और युवक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी।
घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए युवक को कार्यकर्ताओं के चंगुल से छुड़ाया और उसे हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार स्थिति को जल्द ही नियंत्रित कर लिया गया, जिसके बाद कार्यक्रम सामान्य रूप से चलता रहा।
दरअसल, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी की ओर से कलेक्ट्रेट मैदान में सामाजिक समरसता महारैली और जनसभा का आयोजन किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद थे। इस दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर मुख्य अतिथि के रूप में सभा को संबोधित करने पहुंचे थे।
सभा समाप्त होने के बाद पत्रकारों से बातचीत में मंत्री राजभर ने समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि देश और प्रदेश में अभी भी कई जातियां शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास की मुख्यधारा से दूर हैं। उन्होंने कहा कि वंचित वर्गों को संगठित कर उन्हें राजनीतिक भागीदारी दिलाना ही उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने अपने बेबाक अंदाज में कहा, “हम अपनी बात खुलकर कहते हैं, चाहे गोली चले या छर्रा।” साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि वह समाज के पिछड़े और वंचित वर्गों की आवाज उठाते रहेंगे।
पंचायत चुनाव के सवाल पर मंत्री ने कहा कि चुनाव अपने निर्धारित समय पर ही होंगे। उन्होंने बताया कि अप्रैल में मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव को लेकर कुछ लोग भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन सरकार समय पर पंचायत चुनाव कराने के लिए पूरी तरह तैयार है।


