आदर्श, साहिल और शास्मित का प्रतिष्ठित IIT व NIT में चयन, विद्यालय में खुशी का माहौल
परतावल/महराजगंज। शिक्षा के क्षेत्र में अपनी पहचान बना चुके सावित्री पब्लिक स्कूल के प्रतिभावान विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय एवं जिले का नाम रोशन किया है। विद्यालय के तीन मेधावी छात्रों का चयन देश के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थानों में हुआ है। इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।
विद्यालय के छात्र आदर्श कुमार का चयन आईआईटी धनबाद (IIT Dhanbad), साहिल राज का चयन आईआईटी बीएचयू (IIT BHU) तथा शास्मित जायसवाल का चयन एमएनआईटी इलाहाबाद (MNNIT Allahabad) में हुआ है। तीनों छात्रों ने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर यह सफलता हासिल की है।
छात्रों की इस उपलब्धि को विद्यालय प्रबंधन ने गौरवपूर्ण बताते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की निरंतर मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के विश्वास का परिणाम है। छात्रों की सफलता की जानकारी मिलते ही विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों में खुशी की लहर दौड़ गई।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक बी.के. पांडे, सहायक निदेशक जया पांडे, प्रधानाचार्या प्रीति पांडे एवं प्रधानाचार्या शैलेंद्री पांडे ने सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और मार्गदर्शन करने वाले शिक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
विद्यालय के निदेशक बी.के. पांडे ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता उनकी अटूट लगन, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के विश्वास का प्रतिफल है। विद्यालय विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए लगातार प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि विद्यालय को अपने इन होनहार विद्यार्थियों पर गर्व है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता है।

