उमरा के दौरान मक्का में युवक की मौत, जमुनिया गांव में पसरा मातम

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज

महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के जमुनिया गांव के रहने वाले एक युवक की सऊदी अरब में हार्ट अटैक से मौत हो जाने की खबर से गांव में शोक की लहर फैल गई। सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।


जानकारी के अनुसार जमुनिया निवासी गुलशेर अली (46) करीब 22 महीने पहले रोजी-रोटी की तलाश में सऊदी अरब गए थे। वहां वह मक्का में ड्राइवरी का कार्य कर रहे थे। बताया जा रहा है कि काम से छुट्टी मिलने पर वह उमरा अदा करने के लिए मक्का शरीफ गए हुए थे। इसी दौरान अचानक उन्हें दिल का दौरा पड़ गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।


घटना की सूचना जैसे ही गांव पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक का माहौल बन गया। मृतक अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे।


गुलशेर अली अपने पीछे पत्नी, एक बेटी मरियम खातून (19) तथा दो बेटे अरशद अली (17) और अरमान (13) को छोड़ गए हैं। उनके निधन से परिजनों के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने शोक व्यक्त करते हुए परिवार को ढांढस बंधाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *