हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज जिले के घुघली थाना क्षेत्र में शुक्रवार को तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से इलेक्ट्रिक स्कूटी सवार एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल युवती को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार अधिवक्ता परदेसी विशार्या की पुत्री मंगलम विशार्या 13 मार्च 2026 को दोपहर करीब तीन बजे घरेलू सामान की खरीदारी कर इलेक्ट्रिक स्कूटी से रजवाल चौराहे से अपने घर लौट रही थी। जैसे ही वह नंदना काली मंदिर के पास मोड़ पर पहुंची, पीछे से तेज रफ्तार में आ रही लाल रंग की अपाचे बाइक ने उसकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवती सड़क पर गिर पड़ी और उसके दाहिने पैर तथा सीने में गंभीर चोटें आ गईं। दुर्घटना में स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हो गई।
बताया जा रहा है कि बाइक पर सवार दो युवक विपुल गौतम पुत्र संतोष गौतम निवासी ग्राम परसा गिदही और योगेश पुत्र सतई निवासी नंदना टोला कंचनपुर टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल युवती को इलाज के लिए जिला अस्पताल महराजगंज पहुंचाया। इस संबंध में पीड़िता के पिता अधिवक्ता परदेसी विशार्या ने थाना घुघली में लिखित तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

