हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
परतावल/महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा धनहा नायक के पास मंगलवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई।
मिली जानकारी के अनुसार अमित निषाद (19) पुत्र विनय निषाद निवासी अंबे चौक केवट टोला, थाना पडरौना जनपद कुशीनगर अपने भांजे भोलू निषाद निवासी ग्राम सभा पचरुखिया, थाना भिटौली जनपद महराजगंज के साथ पिपराइच में आयोजित एक तिलक समारोह में शामिल होकर बाइक से वापस घर लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि जैसे ही दोनों धनहा नायक गांव के समीप पहुंचे, तेज रफ्तार के चलते बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और घटना की सूचना पुलिस व एंबुलेंस को दी गई।
सूचना पर पहुंची श्यामदेउरवा थाना पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायल अमित निषाद को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में उनके साथ मौजूद भोलू निषाद को कोई गंभीर चोट नहीं आई और वह सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल महराजगंज भेज दिया है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।


