पत्नी एसएसबी में तैनात, पारिवारिक तनाव को लेकर आत्मघाती कदम की आशंका

महराजगंज। नौतनवा कस्बे के गांधी नगर वार्ड में शनिवार देर रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां एक कमरे के अंदर पिता और उसके दो मासूम बेटों के शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक ने पहले अपने दोनों बच्चों को कमरे की कुंडी से फंदे के सहारे लटका दिया और इसके बाद खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। तीनों के शव एक ही कमरे में मिलने से आसपास के लोगों में दहशत और शोक का माहौल है।
बताया जा रहा है कि मृतक मूल रूप से गाजीपुर जिले का रहने वाला था और अपनी पत्नी व बच्चों के साथ नौतनवा में रह रहा था। उसकी पत्नी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) में तैनात है। घटना के समय वह ड्यूटी पर बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही नौतनवा पुलिस, फॉरेंसिक टीम तथा एसएसबी के अधिकारी मौके पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाने में लगे हुए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


