डांस का जोश बना बवाल कारण, कलश यात्रा में कहासुनी से मारपीट तक पहुंचा विवाद

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

महराजगंज। सिंदुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम सभा भेड़िया-मोजरी में सोमवार को आयोजित कलशयात्रा के दौरान माहौल उस समय बिगड़ गया, जब डांस को लेकर शुरू हुई हल्की नोकझोंक अचानक मारपीट में तब्दील हो गई। यज्ञ स्थापना हेतु निकाली जा रही कलश यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल थे। इसी दौरान डांस करते समय एक युवक के पैर पर चोट लगने से बहस छिड़ गई और देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में पुरुषों के बीच जमकर धक्का-मुक्की और हाथापाई होती स्पष्ट दिखाई दे रही है। कुछ देर तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। हालांकि, ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद भीड़ को शांत कराया गया। बताया जा रहा है कि झड़प में कुछ लोगों को हल्की चोटें आई हैं, लेकिन पुलिस ने किसी गंभीर चोट की पुष्टि नहीं की है।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपित पक्षों को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू की। थाना प्रभारी राजकुमार ने बताया कि विवाद डांस के दौरान लगी चोट को लेकर शुरू हुआ था, जिसके बाद मामला बवाल में बदल गया। सभी संबंधित लोगों का शांति भंग की धारा में चालान किया गया है। वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई आगे की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *