बागापार में पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध शीशम की लकड़ी से भरा ट्रक पकड़ा

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


कागजात न दिखा पाने पर पुलिस ने ट्रक को  लिया कब्जे में, वन विभाग ने शुरू की जांच


महराजगंज जिले में अवैध लकड़ी के परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान शनिवार रात पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शीशम की लकड़ी से लदे एक ट्रक को पकड़ लिया। ट्रक चालक लकड़ी से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिससे मामला संदिग्ध हो गया।


जानकारी के अनुसार ट्रक संख्या UP53 FT 9979 सिद्धार्थनगर क्षेत्र से शीशम की लकड़ी लादकर कुशीनगर की ओर जा रहा था। शनिवार रात करीब आठ बजे जब ट्रक कोतवाली थाना क्षेत्र के बागापार चौराहा स्थित सड़करहिया पुल के पास पहुंचा, तभी बागापार चौकी पर तैनात एसआई नितेश कुमार ने वाहन को रोककर उसकी जांच शुरू की। जांच के दौरान चालक से लकड़ी के कागजात मांगे गए, लेकिन वह कोई भी दस्तावेज नहीं दिखा सका।


कागजात न मिलने पर पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर बागापार चौकी पर खड़ा करा दिया और चालक से पूछताछ की। पूछताछ में चालक ने अपना नाम नीरज निवासी कोहड़गड्डी, थाना खड्डा, जनपद कुशीनगर बताया। वहीं ट्रक में लदी लकड़ी का मालिक गोविंद चौहान बताया जा रहा है। पुलिस अब लकड़ी के स्रोत और उसे कहां ले जाया जा रहा था, इसकी जानकारी जुटा रही है।


सूचना मिलने पर पकड़ी रेंज के वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। वन दरोगा गौरव त्रिपाठी के नेतृत्व में टीम ने ट्रक में लदी लकड़ी की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में लकड़ी शीशम की बताई जा रही है, जबकि उसकी मात्रा और वैधता की पुष्टि की जा रही है।


इस दौरान बागापार चौकी प्रभारी जटाशंकर सिंह, वन दरोगा हरिराम यादव, वन रक्षक अभिषेक बाजपेई सहित पुलिस व वन विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस ने ट्रक को आगे की कार्रवाई के लिए कोतवाली थाने भिजवा दिया है।

अधिकारियों का कहना है कि जांच में लकड़ी अवैध पाई जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *