अफवाह से बढ़ी गैस की मांग, एजेंसियों पर सुबह से उमड़ी भीड़

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


इजराइल-अमेरिका-ईरान तनाव की खबरों के बीच कमी की आशंका, कई लोग घंटों लाइन में खड़े रहे

महाराजगंज जनपद के फरेंदा क्षेत्र में शनिवार को रसोई गैस को लेकर अचानक अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। गैस खत्म होने की अफवाह फैलते ही विश्रामपुर इंडेन गैस एजेंसी और परासखाड़ भारत गैस एजेंसी सहित कई गैस एजेंसियों पर ग्राहकों की लंबी कतार लग गई। स्थिति यह रही कि लोग सुबह करीब चार बजे से ही सिलेंडर लेने के लिए लाइन में खड़े हो गए। भीड़ अधिक होने के कारण कई स्थानों पर धक्का-मुक्की की स्थिति भी बन गई।


बताया जा रहा है कि इजराइल, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और संभावित युद्ध की खबरों के बाद लोगों में गैस और पेट्रोलियम उत्पादों की कमी की आशंका फैल गई। इसी अफवाह के चलते कई उपभोक्ता अतिरिक्त सिलेंडर लेने के लिए एजेंसियों पर पहुंच गए और एक-दूसरे से गैस उपलब्धता की जानकारी लेते नजर आए।


हालांकि गैस एजेंसियों की ओर से लगातार यह कहा जा रहा है कि सिलेंडर की कोई कमी नहीं है और वितरण सामान्य रूप से किया जा रहा है। इसके बावजूद अचानक बढ़ी भीड़ के कारण कई उपभोक्ताओं को घंटों इंतजार करना पड़ा और कुछ लोग बिना सिलेंडर लिए ही वापस लौट गए।


इंडेन गैस एजेंसी के प्रबंधक अरविंद जायसवाल ने बताया कि क्षेत्र में गैस की कोई कमी नहीं है। अफवाहों की वजह से अचानक भीड़ बढ़ गई है, जिससे व्यवस्था संभालने में दिक्कत हो रही है। उन्होंने कहा कि एजेंसी पर सिलेंडरों की उपलब्धता के अनुसार नियमित वितरण किया जा रहा है और लगन के मौसम के कारण भी मांग कुछ बढ़ी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *