दिये की लौ से घर में लगी आग, दो मासूम झुलसीं

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

पनियरा नगर पंचायत के गौतम बुद्ध नगर वार्ड की घटना, बाइक समेत अनाज व घरेलू सामान जलकर राख

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज जनपद के पनियरा नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर 2 गौतम बुद्ध नगर में शुक्रवार देर शाम एक घर में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आकर दो मासूम बच्चियां झुलस गईं, जबकि घर में रखा अनाज, बेड, चौकी और एक बाइक समेत कई घरेलू सामान जलकर राख हो गए।


जानकारी के अनुसार यह घटना राजेश यादव के घर में हुई। राजेश यादव बेंगलुरु में फर्नीचर का काम करते हैं, जबकि घर पर उनकी मां बुधना देवी रहती हैं, जिनकी तबीयत अक्सर खराब रहती है। बताया गया कि शुक्रवार शाम राजेश के भतीजे रोहित ने कस्बे से एक लीटर पेट्रोल बोतल में लाकर घर में खड़ी बाइक में डालने का प्रयास किया।


इसी दौरान कमरे में जल रहे दिये की लौ से पास में रखी साड़ी में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे कमरे में फैल गई। आग की चपेट में आकर कमरे में मौजूद राजेश यादव की दो बेटियां अंशिका (9 वर्ष) और आराध्या (5 वर्ष) झुलस गईं।


परिजनों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद दोनों घायल बच्चियों को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पनियरा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। आग लगने से घर में रखा अनाज, बेड, चौकी समेत कई अन्य सामान भी जलकर नष्ट हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *