नगर पंचायत परतावल के शिवनगर वार्ड में गाटा संख्या 772 की जमीन पर कब्जे का आरोप, रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। नगर पंचायत परतावल के वार्ड नंबर 10 शिवनगर में सरकारी खलिहान भूमि पर अवैध निर्माण की शिकायत के बाद शनिवार को राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत टीम और पुलिस बल भी मौजूद रहा तथा जमीन की पैमाइश और सीमांकन कराया गया।

शिकायतकर्ता विपिन सिंह ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि गाटा संख्या 772, रकबा 0.109 हेक्टेयर सरकारी खलिहान भूमि पर कुछ लोगों द्वारा कब्जा कर पक्का मकान बना लिया गया है। शिकायत में राजकुमार सिंह, रवि सिंह और रवि प्रकाश सिंह पर दबंगई के बल पर निर्माण कराने का आरोप लगाया गया है।
बताया गया कि इस मामले में पहले भी तहसीलदार और नायब तहसीलदार के समक्ष वाद संख्या 13636/2025 व 13637/2025 दर्ज कराया गया था। इस पर धारा 67 के तहत 23 जुलाई 2025 को आदेश भी जारी किया गया था, लेकिन इसके बावजूद अब तक कथित अवैध कब्जा नहीं हटाया गया।
शनिवार को राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर जमीन की पैमाइश और सीमांकन कराया। इस दौरान शिकायतकर्ता विपिन सिंह समेत कई ग्रामीण भी मौके पर मौजूद रहे। राजस्व विभाग के अधिकारियों ने बताया कि स्थल निरीक्षण के आधार पर रिपोर्ट तैयार की जा रही है और जांच रिपोर्ट के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


