कार चालक ने पेट्रोल निकालकर कराया तौल, सोशल मीडिया पर वीडियो से मचा हड़कंप

महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के शिकारपुर–भिसवा चौराहे पर स्थित एक पेट्रोल पंप से जुड़ा कथित घटतौली का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक कार चालक पेट्रोल पंप पर अधिक मात्रा में पेट्रोल भरने का आरोप लगाते हुए दिखाई दे रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को एक कार चालक अपनी गाड़ी में पेट्रोल भरवाने के लिए पेट्रोल पंप पर पहुंचा था। चालक का आरोप है कि उसकी कार की टंकी की क्षमता करीब 37 लीटर है, जबकि मशीन में 40 लीटर पेट्रोल भरने का बिल दिखाया गया। इस पर उसे संदेह हुआ और उसने मौके पर ही पेट्रोल निकालकर उसकी माप कराने की बात कही।
वायरल हो रहे वीडियो में कार से पेट्रोल निकालकर उसे नापने का प्रयास किया जा रहा है और आसपास मौजूद लोग पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाते दिखाई दे रहे हैं। कुछ लोग पेट्रोल पंप पर घटतौली का आरोप लगाते हुए चर्चा करते नजर आ रहे हैं। यही वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है और इलाके में चर्चा का विषय बन गया है।

वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भी पेट्रोल पंपों पर माप में गड़बड़ी को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि प्रशासन या संबंधित विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। समाचार पत्र वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है, लेकिन मामले को लेकर निष्पक्ष जांच की मांग जरूर उठने लगी।


