परिषदीय अनुदेशक कल्याण एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री के निर्णय को बताया सराहनीय
महराजगंज। परिषदीय अनुदेशक कल्याण एसोसिएशन, जनपद इकाई महराजगंज के पदाधिकारियों व अनुदेशक शिक्षकों ने शुक्रवार को मानदेय वृद्धि की घोषणा पर खुशी जताते हुए पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह को आभार ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष शिवेन्द्र कुमार के नेतृत्व में पहुंचे अनुदेशकों ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन विधायक को देकर सरकार के निर्णय के प्रति धन्यवाद प्रकट किया।
अनुदेशकों ने बताया कि 20 फरवरी 2026 को विधानसभा में मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश के करीब 25 हजार अनुदेशक शिक्षकों का मानदेय 1 अप्रैल 2026 से बढ़ाकर 17 हजार रुपये प्रति माह किए जाने की घोषणा की गई है। इसके साथ ही 29 जनवरी 2026 की कैबिनेट बैठक में अनुदेशक शिक्षकों और उनके आश्रितों को पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने का भी निर्णय लिया गया है, जिसे शिक्षकों के हित में बड़ा कदम बताया गया।
इस दौरान जिलाध्यक्ष शिवेन्द्र कुमार ने विधायक ज्ञानेंद्र सिंह को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। अनुदेशकों ने माल्यार्पण कर उन्हें मिठाई खिलाई और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह के समर्थन में नारे भी लगाए। विधायक ने इस निर्णय को सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे प्रदेश के हजारों अनुदेशक शिक्षकों को लाभ मिलेगा।
ज्ञापन के बाद विधायक ने अनुदेशकों से काफी देर तक चर्चा की। इस दौरान वरिष्ठ उपाध्यक्ष धनंजय पटेल द्वारा नियमितीकरण के संबंध में पूछे गए सवाल पर विधायक ने बताया कि सरकार इस विषय पर सकारात्मक है और प्रक्रिया शासन स्तर पर चल रही है।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष शिवेन्द्र कुमार, जिला संरक्षक सुनील कुमार वर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष धनंजय पटेल, मंडल अध्यक्ष कृष्ण मुरारी सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष शेषनाथ यादव, ब्लॉक अध्यक्ष पनियरा विवेक कुमार चौहान, मुकेश विश्वकर्मा, देवीलाल, जिला संगठन महामंत्री ध्रुव कुमार चौरसिया, अभय कुमार, बैजू वर्मा, नीतू पांडेय, ममता अग्रहरि और नीलम सिंह सहित कई अनुदेशक शिक्षक उपस्थित रहे।

