पुलिस बन कर 2500 रुपये की ठगी का आरोप
महराजगंज। थाना श्यामदेउरवां क्षेत्र में खुद को पुलिस का स्टाफ बताकर लोगों से जबरन पैसे वसूलने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पर स्कैनर चेकिंग के नाम पर धमकाकर रुपये लेने का आरोप है। उपनिरीक्षक चन्द्रपाल यादव ने टीम के साथ अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त राजकुमार प्रजापति पुत्र हीरालाल प्रजापति, निवासी ग्राम जद्दूपिपरा थाना भिटौली, ने स्वयं को थाने का स्टाफ बताकर स्कैनर पर चेकिंग के नाम पर धमकाते हुए वादी मुकदमा समीउल्लाह अली से 2500 रुपये तथा हनीफ से 500 रुपये वसूल लिए। पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना श्यामदेउरवां में मुकदमा संख्या 20/2025 धारा 318(2)/319(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
मंगलवार को पुलिस ने अभियुक्त को ग्राम श्यामदेउरवां चौराहे से गिरफ्तार कर लिया और आवश्यक विधिक कार्यवाही के बाद न्यायालय भेज दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई जारी है और मामले की जांच की जा रही है।


