होली से पहले प्रशासन अलर्ट , दो मार्च को शांतिपूर्ण माहौल में जलेगी होलिका

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

22 थानों में 1910 जगहों पर होलिका दहन स्थल तय, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

महराजगंज। होली पर्व को लेकर जनपद में प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। जिले के 22 थाना क्षेत्रों में इस वर्ष कुल 1910 स्थानों पर होलिका स्थापित की गई है। वसंत पंचमी के दिन चिन्हित स्थलों पर विधिवत स्थापना कर बीट पुलिस अधिकारियों को नोडल बनाते हुए जिम्मेदारी सौंप दी गई थी। दो मार्च, सोमवार को निर्धारित मुहूर्त पर होलिका दहन होगा, जिसे लेकर गांव-गांव में उत्साह का माहौल है।


ग्रामीण इलाकों में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रत्येक गांव में पांच-पांच पुलिस वालंटियर तैनात किए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है और सूचना तंत्र को सक्रिय किया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने स्पष्ट किया है कि सभी होलिका दहन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहेगा। शराब की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और जुलूस के दौरान नशे में हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


इंटरनेट मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर रहेगी। साइबर थाना भ्रामक और भड़काऊ पोस्ट पर निगरानी कर रहा है। साइबर थानाध्यक्ष सजनू यादव ने चेतावनी दी है कि अफवाह फैलाने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है।


थानावार होलिका दहन स्थलों की संख्या भी तय कर दी गई है। कोतवाली में 187, पनियरा में 181, घुघली में 107, श्यामदेउरवा में 150, फरेंदा में 94, पुरंदरपुर में 91, बृजमनगंज में 86, कोल्हुई में 108, निचलौल व नौतनवा में 127-127, कोठीभार में 172, चौक में 52, ठूठीबारी में 46, सोहगीबरवा में 12, सोनौली में 68, बरगदवा में 42, परसामलिक में 64, सिंदुरिया में 105 और भिटौली में 91 स्थानों पर होलिका दहन होगा। महिला थाना क्षेत्र में कोई स्थल चिन्हित नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *