रुद्रौली के सिवान में टावर के पास मिला 16 वर्षीय किशोर का शव, गांव में मचा हड़कंप

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



हर्षोदय टाइम्स / अर्जुन चौधरी

निचलौल/महराजगंज। जनपद के निचलौल क्षेत्र के रुद्रौली गांव में मंगलवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के उत्तरी सिवान में बिजली के टावर के समीप एक 16 वर्षीय किशोर का शव मिला। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

बताया गया कि सुबह करीब पांच बजे कुछ ग्रामीण शौच के लिए सिवान की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर टावर के पास पड़े किशोर के शव पर पड़ी। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी जानकारी गांव में दी, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
मृतक बसंत चौधरी का दो पुत्रों में छोटा था। उसकी एक बहन की शादी हो चुकी है, जबकि किशोर अविवाहित था।

परिजनों के मुताबिक वह करीब एक सप्ताह पूर्व ही बाहर से अपने घर लौटा था।
परिजनों ने यह भी बताया कि घर लौटने के बाद किशोर ने कुछ जरूरी कागजात जला दिए थे। हालांकि कागजात जलाने और किशोर की मौत के बीच कोई संबंध है या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
घटना के बाद किशोर की मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे वास्तविक वजह क्या है, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।

पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *