अर्टिगा कार चोरी का पर्दाफाश, गोरखपुर से आरोपी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

पुरन्दरपुर पुलिस व एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में वाहन बरामद

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज। जनपद पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले का सफल अनावरण करते हुए चोरी की अर्टिगा कार बरामद कर ली है। थाना पुरन्दरपुर क्षेत्र से चोरी हुई कार के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आमजन का भरोसा मजबूत हुआ है।


पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना के निर्देशन में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह सफलता मिली। जानकारी के अनुसार, 17 फरवरी 2026 को थाना पुरन्दरपुर क्षेत्र से अज्ञात चोर द्वारा अर्टिगा कार (UP 53 FE 0061) चोरी कर ली गई थी। घटना के संबंध में मु.अ.सं. 50/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।


घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई। थाना पुरन्दरपुर पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त रूप से तकनीकी साक्ष्यों व मुखबिर की सूचना के आधार पर छानबीन तेज की। शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे पुलिस टीम ने आदित्य पब्लिक स्कूल के पास, ग्राम झंगहा, जनपद गोरखपुर से आरोपी विकास यादव (29 वर्ष) पुत्र भगवान दास यादव, निवासी विश्वनाथपुर थाना झंगहा को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी की गई अर्टिगा कार बरामद कर ली गई।


पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।


वाहन चोरी का खुलासा करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय, उपनिरीक्षक रविप्रकाश गुप्ता, हेड कांस्टेबल गामा यादव, कांस्टेबल आदित्य यादव, एसओजी प्रभारी महेन्द्र यादव, हेड कांस्टेबल कुतुबुद्दीन, हेड कांस्टेबल शैलेन्द्र नाथ त्रिपाठी, कांस्टेबल राम आशीष यादव तथा स्वाट टीम के हेड कांस्टेबल संदीप यादव की सराहनीय भूमिका रही।


पुलिस अधीक्षक ने टीम की प्रशंसा करते हुए कहा कि जनपद में वाहन चोरी सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।


लगातार सामने आ रही वाहन चोरी की घटनाओं के मद्देनजर पुलिस ने वाहन स्वामियों से सतर्क रहने की अपील की है। संदिग्ध व्यक्तियों या गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया गया है, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *