श्यामदेउरवां पुलिस ने मारपीट कांड के तीन आरोपी दबोचे, कार व मोबाइल बरामद

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र में हुए मारपीट के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मु0अ0सं0 048/2026 से संबंधित इस प्रकरण में पुलिस ने घटना में प्रयुक्त औजार, चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा एक बैलेनो कार (UP 56 AH 7090) भी बरामद की है।


थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ मंगलवार को ग्राम श्यामदेउरवां चिलम चौक के पास से आरोपी पवन गुप्ता (26), धनंजय सिंह (33) और आशीष सिंह (30) निवासी मंगलपुर को गिरफ्तार किया। तीनों के विरुद्ध धारा 109(1)/115(2)/351(3)/352 बीएनएस व 3(2)(5) एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है।


घटना 17 फरवरी 2026 की रात करीब 9:41 बजे भटहट-पनियरा मुख्य मार्ग स्थित मंगलपुर चौराहे पर कबाड़ी की दुकान के पास हुई थी। शराब पीने के दौरान कहासुनी के बाद आरोपियों ने मंदीप पुत्र टिकोरी निवासी सुमेरगढ़ तथा उसके दोस्त वारिश अंसारी निवासी डोहरिया बाजार, गोरखपुर पर बांस के फट्टे से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। दोनों घायलों को परिजनों द्वारा तत्काल बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।


पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास इसी मुकदमे से संबंधित है। गिरफ्तारी टीम में थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह, उपनिरीक्षक चन्द्रपाल यादव, उपनिरीक्षक सुनील कुमार सिंह, कांस्टेबल निर्भय कुमार तथा कांस्टेबल पंकज यादव शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *