स्कूल जा रही छात्रा को बीच रास्ते घेरा, विरोध पर दी धमकी; पुलिस ने दर्ज की तहरीर, एंटी-रोमियो टीम हरकत में
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
परतावल/ महाराजगंज जनपद के नगर पंचायत परतावल में शनिवार सुबह मनचलों ने स्कूल जा रही छात्रा को बीच रास्ते रोककर अश्लील हरकतें कीं। घटना सुबह करीब 8 बजे की है, जब कक्षा 9 की छात्रा अपनी सहेली के साथ स्कूल जा रही थी। बगीचे के पास घात लगाए बैठे युवकों ने छात्रा को रोक लिया और छेड़खानी करने लगे।
छात्रा के विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए धमकी दी और उसकी साइकिल छीनकर फरार हो गए। भयभीत छात्रा ने तुरंत घर जाकर स्वजन को जानकारी दी।
परिवार के लोगों ने श्यामदेउरवा पुलिस को लिखित तहरीर देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की। स्थानीय लोगों ने घटना को निंदनीय बताया और कहा कि सरकार जहां महिला सशक्तिकरण अभियान और मिशन शक्ति 5 पर जोर दे रही है, वहीं परतावल में इस प्रकार की घटना अत्यंत शर्मनाक और चिंता का विषय है।
थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि मामले में एंटी रोमियो टीम द्वारा कार्रवाई की गई है और आरोपी रामरूप सिंह के खिलाफ कार्यवाही शुरू कर दी गई है।

