नेपाल कसीनों में 80 हजार हारने के बाद ई-रिक्शा चालक ने दी जान, परिवार में मातम

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो / कृष्ण नारायण त्रिपाठी


महराजगंज जनपद के नौतनवां थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। स्थानीय कस्बे में ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करने वाले एक युवक ने नेपाल स्थित कसीनों में जुआ खेलने की लत के कारण अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। बताया जा रहा है कि युवक बीते कुछ समय से नेपाल जाकर किस्मत आजमा रहा था और इसी क्रम में उसने अपनी करीब 80 हजार रुपये की जमा पूंजी दांव पर लगा दी।


परिजनों के अनुसार युवक को उम्मीद थी कि रकम दोगुनी होकर लौटेगी और घर की आर्थिक स्थिति सुधरेगी, लेकिन लगातार हार ने उसे गहरे मानसिक तनाव में डाल दिया। पूरी रकम हारने के बाद वह बेहद मायूस हो गया। घर लौटने पर उसने किसी से ज्यादा बातचीत नहीं की और बाद में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

इस घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और आसपास के लोग भी स्तब्ध रह गए। घटना ने एक बार फिर जुए और कसीनों की लत से होने वाले दुष्परिणामों को उजागर कर दिया है।


सूचना पाकर नौतनवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है। इस दर्दनाक घटना के बाद मोहल्ले में शोक की लहर है, वहीं परिजन बदहवास हालत में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *