महराजगंज। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर सदर क्षेत्र के कटहरा स्थित प्राचीन शिव मंदिर में आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। तड़के से ही मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भर गया और ‘हर-हर महादेव’ व ‘बोल बम’ के गगनभेदी जयघोष से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा।
रात्रि में विधि-विधान के साथ विशेष पूजा-अर्चना सम्पन्न होने के बाद जैसे ही मंदिर के कपाट दर्शनार्थियों के लिए खोले गए, श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। महिला, पुरुष, बुजुर्ग और युवा हाथों में पूजा की थाल सजाए अपनी बारी की प्रतीक्षा करते नजर आए। भक्तों ने भगवान शिव के शिवलिंग पर दूध, गंगाजल, बेलपत्र, धतूरा और भांग अर्पित कर जलाभिषेक किया तथा परिवार की सुख-समृद्धि और कल्याण की प्रार्थना की।
मंदिर परिसर में चल रहे नौ दिवसीय श्री रुद्र महामृत्युंजय महायज्ञ में भी श्रद्धालुओं की सक्रिय भागीदारी रही। वैदिक मंत्रोच्चार और हवन की सुगंध से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।
भीड़ को सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन एवं आयोजन समिति के सदस्य लगातार सक्रिय रहे, जिससे दर्शन-पूजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर कटहरा का प्राचीन शिवालय एक बार फिर क्षेत्रीय आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा का प्रमुख केंद्र बनकर उभरा।


