प्रतिभा का सम्मान: छात्रा पायल की पढ़ाई अब पूरी तरह निःशुल्क

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स / सुनील मणि त्रिपाठी

धानी बाजार/महराजगंज। धानी बाजार क्षेत्र के वरगाहपुर लेहड़ा स्टेशन के समीप स्थित ब्राइट वे स्कालर एकेडमी में गणतंत्र दिवस का समारोह इस वर्ष विशेष उत्साह और गौरव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की कक्षा 8 की छात्रा पायल ने प्रेरणादायक और प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों एवं विद्यालय परिवार का मन मोह लिया।

पायल का सम्बोधन

पायल के ओजस्वी संबोधन से प्रभावित होकर विद्यालय के प्रबंधक शाह आलम ने मंच से ही सराहनीय घोषणा की। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार पायल की कक्षा 9 और 10 की पूरी शिक्षा निःशुल्क कराएगा। साथ ही यह भी घोषित किया गया कि पायल की इंटरमीडिएट (कक्षा 11–12) की पढ़ाई का समस्त व्यय भी विद्यालय द्वारा वहन किया जाएगा। इस घोषणा के बाद कार्यक्रम स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

समारोह के दौरान अन्य विद्यार्थियों ने भी देशभक्ति गीत, नृत्य और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर वातावरण को राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया। बच्चों की मेहनत, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रस्तुति की विद्यालय परिवार एवं उपस्थित गणमान्य नागरिकों ने मुक्तकंठ से सराहना की।

विद्यालय परिवार का यह निर्णय न केवल पायल के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है कि मेहनत, लगन और प्रतिभा का सम्मान अवश्य होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *