रामपुर मोड़ पर निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित, सैकड़ों मरीजों की जांच एवं दवा वितरण

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

महराजगंज। घुघली विकास खंड के रामपुर मोड़ स्थित बाजार में रविवार को निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई और विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लिया।

शिविर में स्पंदन हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. उपेंद्र सिंह (एमडी मेडिसिन) ने मरीजों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी। हृदय रोग, मधुमेह, छाती रोग (अस्थमा व एलर्जी), उच्च रक्तचाप, थायरॉयड, गठिया, नस तथा गुर्दा संबंधी बीमारियों से पीड़ित मरीज बड़ी संख्या में शिविर में पहुंचे।

इस दौरान ब्लड शुगर (आरबीएस), स्पाइरोमेट्री (पीएफटी), हड्डियों में कैल्शियम की जांच (बीएमडी) तथा ईसीजी जैसी महत्वपूर्ण जांचें निःशुल्क की गईं। जांच के बाद मरीजों को रोग के अनुसार परामर्श दिया गया और आवश्यक दवाएं भी मुफ्त वितरित की गईं।

शिविर के आयोजक मंकेश्वर सिंह पटेल ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को उनके आसपास ही बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान और उपचार संभव हो सके।

ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *