रामपुर ब्लडीहा प्राचीन शिव मंदिर की महिमा, शिवरात्रि पर उमड़ा आस्था का सैलाब

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

महराजगंज जनपद के घुघली ब्लाक अंतर्गत ग्राम रामपुर ब्लडीहा स्थित प्राचीन शिव मंदिर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भोर होते ही मंदिर परिसर में “हर-हर महादेव” के जयघोष गूंजने लगे और पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया।

बताया जाता है कि इस प्राचीन शिवालय की विशेष मान्यता है। यहां विराजमान भगवान भोलेनाथ अपने सच्चे भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं। यही कारण है कि महाशिवरात्रि के दिन ही नहीं, बल्कि एक दिन पूर्व से ही श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया था। दूर-दराज गांवों और कस्बों से आए भक्त विधि-विधान के साथ भगवान शिव की पूजा-अर्चना और जलाभिषेक करते नजर आए।

मंदिर परिसर में जलाभिषेक के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। भक्तजन बेलपत्र, धतूरा, दूध और गंगाजल अर्पित कर भगवान शिव से सुख-समृद्धि और शांति की कामना कर रहे थे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शिव मंदिर कमेटी, पुजारीगण एवं ग्रामीणों द्वारा विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए बैरिकेडिंग की गई और स्वयंसेवक लगातार व्यवस्था संभालते रहे।

इस अवसर पर मंदिर परिसर के आसपास मेला भी सजा, जहां प्रसाद, पूजन सामग्री और घरेलू सामान की दुकानों पर भी अच्छी खासी भीड़ रही। किसी प्रकार की अनहोनी से बचाव हेतु सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल तैनात रहे और समय-समय पर व्यवस्था का जायजा लेते रहे।

महाशिवरात्रि के इस पावन पर्व पर रामपुर ब्लडीहा का प्राचीन शिव मंदिर एक बार फिर आस्था और श्रद्धा का केंद्र बना रहा, जहां भक्तों ने श्रद्धा भाव से भगवान भोलेनाथ की आराधना कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *