जरूरतमंदों को स्वास्थ्य सेवा से लेकर अंतिम यात्रा तक मिलेगी राहत

हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी
सिसवा बाजार/महराजगंज। नगर पालिका परिषद सिसवा बाजार की ओर से जनसेवा की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल की गई है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को नगरवासियों को एंबुलेंस और मोक्ष रथ की दोहरी सौगात मिलने जा रही है। दोनों वाहनों का लोकार्पण कर उन्हें आमजन की सेवा के लिए समर्पित किया जाएगा।
नगर क्षेत्र में आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने की समस्या को देखते हुए नगर पालिका ने ‘जीवन रथ’ एंबुलेंस की व्यवस्था की है। अब गंभीर मरीजों और जरूरतमंदों को समय पर गोरखपुर या लखनऊ अस्पताल पहुंचाने में सुविधा मिलेगी। खासकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह व्यवस्था काफी उपयोगी साबित होने की उम्मीद है।
इसी क्रम में मोक्ष रथ की व्यवस्था भी की गई है। परिवार में किसी व्यक्ति के निधन की स्थिति में अंतिम यात्रा के लिए वाहन की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इसके माध्यम से लोग अपने परिजनों के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए पनियहवा घाट और भैंसहा घाट तक ले जा सकेंगे। इससे ऐसे परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी, जिन्हें अंतिम यात्रा के लिए निजी वाहन की व्यवस्था करने में आर्थिक और व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
नगर पालिका अध्यक्ष शकुंतला जायसवाल और उनके प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल की इस पहल को स्थानीय स्तर पर जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। लोगों का कहना है कि एंबुलेंस और मोक्ष रथ जैसी सुविधाएं सीधे आमजन की जरूरतों से जुड़ी हैं और संकट की घड़ी में लोगों के लिए सहारा बनेंगी।
15 अगस्त को दोनों वाहनों का लोकार्पण कर नगरवासियों की सेवा में समर्पित किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस पर मिलने वाली इस दोहरी सौगात को लेकर नगरवासियों में खुशी है। लोगों ने नगर पालिका की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनसेवा को प्राथमिकता देने वाली सार्थक और संवेदनशील पहल बताया है।


