नौतनवा में 16 वर्षीय किशोरी ने फंदे से लटककर दी जान, जांच में जुटी पुलिस

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


नौतनवा (महराजगंज)। नौतनवा कस्बे के वार्ड नंबर 9 उस्माननगर में सोमवार शाम एक 16 वर्षीय किशोरी का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिजन उसे तत्काल एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


जानकारी के अनुसार किशोरी के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। वह अपनी बड़ी बहन के साथ रहती थी। सोमवार को बड़ी बहन किसी काम से घर से बाहर गई हुई थी, जबकि किशोरी घर पर अकेली थी। शाम को लौटने पर बहन ने उसे फंदे से लटका देखा। उसने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और किशोरी को नीचे उतारकर अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।


घटना की सूचना मिलते ही नौतनवा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।


इस घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *