एसपी ने किया भिटौली थाना का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को लेकर एसपी सख्त

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

महराजगंज जिले की कानून व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना ने शनिवार को भिटौली थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना कार्यालय की व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक ने जनसुनवाई कक्ष, साइबर हेल्प डेस्क और महिला हेल्प डेस्क का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, शिकायतों के त्वरित निस्तारण तथा फरियादियों से शालीन व्यवहार बनाए रखने पर विशेष बल दिया।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि थाना स्तर पर ही अधिकतम मामलों का समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक दौड़भाग न करनी पड़े। साइबर अपराधों में बढ़ोतरी को देखते हुए साइबर हेल्प डेस्क को और अधिक सक्रिय रखने तथा लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए।

महिला संबंधी मामलों में संवेदनशीलता बरतने और पीड़ितों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा निर्माणाधीन थाना भवन के कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने तथा समयबद्ध ढंग से निर्माण कार्य पूर्ण कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए नियमित गश्त बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने तथा लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण पर भी बल दिया गया।

इस अवसर पर थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा सहित समस्त पुलिस बल मौजूद रहा।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *