हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने देर शाम कैंप कार्यालय में विकास कार्यों और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की सीएम डैशबोर्ड पर प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में कई विभागों की कार्यप्रणाली पर चर्चा करते हुए उन्होंने लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान पंचायतीराज, कृषि, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, सहकारिता, पर्यटन, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक और उद्योग विभाग सहित अन्य विभागों की योजनाओं की स्थिति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बी, सी और डी ग्रेड प्राप्त योजनाओं पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए स्पष्ट कहा कि इस तरह की प्रगति किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं है।

पर्यटन परियोजनाओं में विलंब पर उन्होंने कार्यदायी संस्था से समन्वय स्थापित कर समय-सीमा में आवश्यक संशोधन कराने और कार्य को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।
ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अधिकारी को भवन निर्माण कार्यों में तेजी लाने को कहा गया। छात्रवृत्ति योजनाओं में अपेक्षित प्रगति न होने पर भी असंतोष व्यक्त करते हुए सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए। साथ ही पंचायत सहायकों के माध्यम से फैमिली आईडी बनाने की प्रक्रिया तेज करने को कहा।
पीएम सूर्यघर योजना की समीक्षा में जिलाधिकारी ने इस माह निर्धारित लक्ष्य हर हाल में प्राप्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य कर अधिक से अधिक सूर्यघर स्थापित कराने पर जोर दिया।
पीएम कुसुम योजना की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए उपनिदेशक कृषि को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए गए। दुग्ध एवं मत्स्य विभाग को सहकारी समितियों की संख्या और उनमें सदस्यों की भागीदारी बढ़ाने के लिए कहा गया। सीएमओ को 102 और 108 एंबुलेंस सेवाओं का रिस्पांस टाइम बेहतर करने तथा जरूरतमंदों तक समय पर सेवा पहुंचाने के निर्देश दिए गए। कन्या सुमंगला योजना के तहत पुनः सत्यापन के लिए लंबित आवेदनों का निस्तारण इसी माह करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी अधिकारी अपनी-अपनी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करें और प्रगति में गिरावट न आने दें। जिन योजनाओं में लापरवाही या खराब प्रदर्शन पाया जाएगा, उनमें जवाबदेही तय की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, सीएमओ डॉ. नवनाथ प्रसाद, परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी, उपायुक्त श्रम रोजगार गौरवेंद्र सिंह, एआर कोऑपरेटिव सुनील गुप्ता, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कन्हैया यादव, सहायक पर्यटन अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, सुश्री श्रेया मिश्रा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


