भव्य कलश यात्रा के साथ कासेश्वर नाथ मंदिर परिसर में रुद्र महायज्ञ का शुभारंभ

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महाराजगंज जनपद के धानी विकास खंड अंतर्गत धानी बाजार के प्रसिद्ध कासेश्वर नाथ शिव मंदिर प्रांगण में श्री श्री रुद्र महायज्ञ का आयोजन पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार 10 फरवरी से विधिवत प्रारंभ हो गया। महायज्ञ के शुभारंभ अवसर पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।


कलश यात्रा मंदिर प्रांगण से आरंभ होकर धानी बाजार के प्रमुख चौराहों से होते हुए नदी तट तक पहुंची। वहां सैकड़ों की संख्या में शामिल बालिकाओं एवं महिलाओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अपने-अपने कलश में पवित्र जल भरा। इसके पश्चात यात्रा पुनः कासेश्वर नाथ मंदिर प्रांगण पहुंची, जहां योग्य विद्वान पंडितों द्वारा विधि-विधान से कलश पूजन एवं अर्चन संपन्न कराया गया।


आयोजकों के अनुसार श्री श्री रुद्र महायज्ञ 10 फरवरी से 18 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठान के साथ-साथ प्रवचन कार्यक्रम भी होंगे। महायज्ञ में अयोध्या से पधारे आचार्य गौरव कृष्ण शास्त्री श्रद्धालुओं को अपने प्रवचनों से धर्म और अध्यात्म का संदेश देंगे।


कार्यक्रम के आयोजक अगस्त मिश्रा ने क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में महायज्ञ में पहुंचकर प्रवचन श्रवण करें और पुण्य लाभ अर्जित करें। कलश यात्रा के अवसर पर क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिससे पूरे धानी क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और भक्ति का वातावरण बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *