हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
भिटौली/महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय लक्ष्मीपुर खास एक बार फिर चोरों के निशाने पर आ गया। शुक्रवार की देर रात अज्ञात बदमाशों ने विद्यालय के रसोईघर का दरवाजा तोड़कर मध्यान्ह भोजन योजना में उपयोग होने वाला गैस सिलेंडर, चूल्हा, दो बड़े भगोने, एक छोटा भगोना, पलटा, करछुल और खाद्य सामग्री पर हाथ साफ कर दिया।
शनिवार सुबह जब शिक्षक व कर्मचारी विद्यालय पहुंचे तो टूटा दरवाजा और बिखरा सामान देखकर घटना की जानकारी हुई। सूचना फैलते ही ग्रामीण भी मौके पर जुट गए और लगातार हो रही चोरियों पर नाराजगी जताई।
बताया जा रहा है कि विद्यालय में चोरी की यह चौथी घटना है। बार-बार हो रही वारदातों से मध्यान्ह भोजन व्यवस्था बाधित हो रही है, जिससे बच्चों की पढ़ाई और उपस्थिति पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षा संस्थान में सुरक्षा के अभाव से असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं।
प्रधानाध्यापक शशि वर्मा ने मामले को गंभीर बताते हुए चौकी प्रभारी सिसवा मुंशी को लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने विद्यालय परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की आवश्यकता जताई है।
लगातार हो रही घटनाओं से क्षेत्र में रोष व्याप्त है। अब पुलिस की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं कि आखिर कब तक शिक्षा के इस मंदिर को चोरों से मुक्ति मिल पाएगी।


