परतावल में सड़क हादसे के बाद बुजुर्ग की मौत, बाइक की टक्कर से हुए थे गंभीर घायल

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


परतावल (महराजगंज)। जनपद के परतावल–गोरखपुर मार्ग पर हुए एक सड़क हादसे में घायल बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। यह घटना 10 फरवरी की शाम श्यामदेउवा थाना क्षेत्र के परतावल चौराहे के पास स्थित एक पेट्रोल पंप के समीप हुई थी।


प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पिपरिया निवासी 60 वर्षीय रामनगीना शाम को अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों और ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल पहुंचाया।


चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान हालत में सुधार नहीं हो सका और 13 फरवरी 2026 को उन्होंने दम तोड़ दिया।


घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने बताया कि रामनगीना मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे और गांव में उनकी अच्छी पहचान थी। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है।


श्यामदेउवा थाना प्रभारी अभिषेक सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *