बड़हरा बरईपार के दलित टोले में 10 माह से निर्माण कार्य अधूरा, जनता  में बढ़ा आक्रोश

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

ज्ञापन और शिकायतों के बाद भी नहीं हुई सुनवाई, आमरण अनशन की चेतावनी

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

महराजगंज। विकास खंड परतावल की ग्राम पंचायत बड़हरा बरई पार के पश्चिम स्थित अनुसूचित जाति टोले में चल रहा निर्माण कार्य पिछले लगभग दस महीनों से अधूरा पड़ा है। अधूरे कार्य के चलते टोले के लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि यही एकमात्र रास्ता है, जिससे आवागमन संभव है, लेकिन निर्माण अधूरा होने से कीचड़ और जलभराव की समस्या बनी रहती है। बरसात के दिनों में हालात और भी खराब हो जाते हैं।


ग्रामीणों के अनुसार, रास्ते की मरम्मत और निर्माण को लेकर वर्षों से ब्लॉक व जिला स्तर पर मांग उठाई जाती रही है। शासन से आदेश जारी होने के बावजूद कार्य पूरा नहीं कराया गया। ग्राम सचिव, प्रधान और खंड विकास अधिकारी से कई बार शिकायत करने के बाद भी केवल आश्वासन ही मिला। 4 जून 2025 को जिलाधिकारी को पत्र भेजा गया तथा 21 जून 2025 को तहसील दिवस में भी प्रार्थना पत्र दिया गया, लेकिन अब तक किसी अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर सत्यापन नहीं किया।


ग्रामीणों की मांग है कि नाली पर ढक्कन लगाया जाए और रामकेवल के घर से मुख्य मार्ग तक खड़ंजा निर्माण शीघ्र पूरा कराया जाए। गोरख प्रसाद, अंगद, आर.एन. भारती सहित अन्य ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे ब्लॉक और जिला मुख्यालय पर तीसरी बार आमरण अनशन करने को विवश होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *