महाराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के भैंसा गांव में अज्ञात चोरों ने बंद पड़े एक मकान को निशाना बनाते हुए घर में रखे आभूषण और गैस सिलेंडर चोरी कर लिए। घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार भैंसा निवासी रंभा पत्नी सरवन 7 दिसंबर को हुए विनोद तिवारी हत्याकांड के बाद घर में ताला बंद कर अपने रिश्तेदार के यहां रहने चली गई थीं। गुरुवार, 12 फरवरी को वह अपने भतीजे का हालचाल लेने गांव पहुंचीं। जब वह अपनी बहू के साथ घर पहुंचीं तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए।
अंदर प्रवेश करने पर देखा कि कमरे में रखा बक्सा भी टूटा हुआ था। बक्से में रखे सोने-चांदी के जेवरात गायब थे। इसके अलावा घर में रखा गैस सिलेंडर भी चोर उठा ले गए। पीड़िता के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत काफी अधिक है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस को सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास के संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।
ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए नियमित गश्त की मांग की है।


