डीएम ने ऑनलाइन जांची अधिकारियों की उपस्थिति , कई अधिकारी मिले नदारद

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


डीएम ने अनुपस्थितों को जारी किया स्पष्टीकरण, रोजाना 10 से 12 बजे तक जनसुनवाई अनिवार्य

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज, 13 फरवरी 2026। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने शुक्रवार सुबह औचक निरीक्षण करते हुए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) के माध्यम से जिलास्तरीय, तहसीलस्तरीय एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति की जांच की। ठीक 10:10 बजे शुरू हुई इस ऑनलाइन जांच में जिलाधिकारी ने एक-एक अधिकारी का नाम लेकर वीडियो कॉल के जरिए कार्यालय में उनकी मौजूदगी सुनिश्चित की।


जांच के दौरान ब्लॉक स्तर पर बीडीओ लक्ष्मीपुर, धानी और परतावल अनुपस्थित पाए गए। वहीं जिलास्तरीय अधिकारियों में डीसी राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, उपनिदेशक कृषि, जिला उद्यान अधिकारी, डायट प्राचार्य, श्रम प्रवर्तन अधिकारी और डीसी राज्यकर भी वीसी में उपस्थित नहीं मिले।


जिलाधिकारी ने सभी अनुपस्थित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से 12:00 बजे तक कार्यालय में अनिवार्य रूप से बैठकर जनसुनवाई करें और आमजन की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।


उन्होंने कहा कि जनपद में आम जनता की समस्याओं का समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारी समय से कार्यालय पहुंचें और जनसुनवाई को गंभीरता से लें। इसमें किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *