परतावल ब्लॉक में सीडीओ का औचक निरीक्षण, योजनाओं में पारदर्शिता और समयबद्धता पर सख्त निर्देश

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


परतावल/महराजगंज। मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने शुक्रवार को परतावल विकास खंड कार्यालय का औचक निरीक्षण कर विभागीय कार्यों की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न कक्षों में संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को गुणवत्ता व पारदर्शिता बनाए रखने के स्पष्ट निर्देश दिए


सीडीओ ने सर्वप्रथम एनआरएलएम कक्ष का निरीक्षण कर अभिलेखों की गहन जांच की। उन्होंने कहा कि योजनाओं के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना अनिवार्य है।


इसके बाद उन्होंने मनरेगा सेल का निरीक्षण किया। मनरेगा कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक कार्य स्थल का नियमानुसार दोनों समय का फोटो पोर्टल पर अपलोड होना चाहिए। यदि इसमें लापरवाही पाई गई तो संबंधित कर्मियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
सीडीओ ने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना की भी समीक्षा की। आवास रजिस्टर का अवलोकन करते हुए वर्ष 2023-24 के लक्ष्य की जानकारी ली। वर्ष 2025-26 में मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत नौ आवासों में से सात के पूर्ण होने की जानकारी दी गई। शेष आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।


डुप्लीकेट डाटा डिलीशन कक्ष का निरीक्षण करते हुए उन्होंने लंबित कार्यों को तेजी से निस्तारित करने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में समयबद्धता और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।


इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी संतोष यादव, दिलीप गौतम, श्यामसुंदर तिवारी सहित अन्य ब्लॉक कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *