हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
परतावल/महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के परतावल चौकी अंतर्गत गोरखपुर–महराजगंज मार्ग पर यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए परतावल चौकी पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर लगी एक बुलेट मोटरसाइकिल को सीज कर दिया।
पुलिस की नजर सड़क पर तेज और असामान्य आवाज कर रही बुलेट मोटरसाइकिल पर पड़ी, जिसे तत्काल रोककर जांच की गई। जांच के दौरान वाहन में मॉडिफाइड साइलेंसर पाया गया, जो नियमों के विरुद्ध था। इस पर पुलिस ने विधिक कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल को सीज कर दिया।
इस संबंध में चौकी प्रभारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि मॉडिफाइड व संशोधित साइलेंसरों से ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है, जिससे आम नागरिकों को परेशानी होती है। ऐसे वाहनों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा। उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।


