हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-730 (महराजगंज–गोरखपुर मुख्य मार्ग) पर तरकुलवा तिवारी फैक्ट्री के पास गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 21 वर्षीय युवक की जान चली गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर और ऑल्टो कार की आमने-सामने टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑल्टो कई पलटियां खाकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी, वहीं फॉर्च्यूनर अनियंत्रित होकर एक मकान में घुस गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई।

जानकारी के अनुसार परतावल स्थित आलम मोटर ट्रेनिंग सेंटर के संचालक आलम हुसैन (60) ऑल्टो कार से लक्ष्मीपुर भरगांवा निवासी फतेआलम उर्फ शाहरुख (21) को ड्राइविंग सिखा रहे थे। दोनों तरकुलवा तिवारी की ओर गए थे और फैक्ट्री के सामने यू-टर्न लेकर परतावल लौटने की तैयारी में थे। इसी दौरान गोरखपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही फॉर्च्यूनर ने ऑल्टो में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद फॉर्च्यूनर तरकुलवा निवासी अख्तियार अली पुत्र महबूब के मकान में जा घुसी। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल पहुंचाया। चिकित्सकों ने आलम हुसैन के पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि की, जबकि फतेआलम उर्फ शाहरुख की हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान शाहरुख ने दम तोड़ दिया। फॉर्च्यूनर सवार विनय गुप्ता को भी चोटें आई हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक शाहरुख तीन भाइयों में सबसे छोटा था और गांव के बाहर अपनी जमीन पर मुर्गे का मीट बेचकर परिवार की आर्थिक मदद करता था। परिजन बताते हैं कि वह ड्राइविंग सीखकर बाहर काम करने जाने की तैयारी में था। अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मचा है और गांव में शोक की लहर है।


