हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज जिले के सिंदूरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत झंझनपुर चौराहे के पास शुक्रवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया, जब 16 वर्षीय राज शर्मा का शव मुख्य मार्ग के उत्तर दिशा में एक पेड़ से लटका मिला। सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने शव को देखा और शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही सिंदूरिया थाना पुलिस पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने मौके से मृतक का मोबाइल फोन और सफेद रंग की चप्पल बरामद की है, जिन्हें साक्ष्य के रूप में कब्जे में लिया गया है। बताया गया कि राज लाल टी-शर्ट और काली जींस पहने हुए था। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए। शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध मानते हुए पुलिस आत्महत्या समेत अन्य सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।
राज शर्मा मूल रूप से चौक थाना क्षेत्र के ग्राम सभा महेशपुर का निवासी था। वर्ष 2009 में उसका परिवार झंझनपुर चौराहे पर आकर बस गया था और घर पर ही फर्नीचर का कार्य कर जीवनयापन करता है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है। परिजन किसी प्रकार की परेशानी से इनकार कर रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और जांच पूरी होने तक संयम बनाए रखने की अपील की है।


