नेपाल से दिल्ली ले जाई जा रही थी सोने की खेप, दो आरोपी गिरफ्तार
महराजगंज। नेपाल सीमा से तस्करी के जरिए सोना दिल्ली ले जाने के मामले में बड़ी बरामदगी सामने आई है। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार कार की पुलिस जीप से टक्कर के बाद तलाशी के दौरान करीब 16 करोड़ रुपये कीमत की सोने की 10 ईंटें बरामद हुईं। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सोने की खेप नेपाल के ठूठीबारी बॉर्डर से महराजगंज और गोरखपुर के रास्ते दिल्ली के दरियागंज ले जाई जा रही थी। इसी दौरान आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कार की पुलिस जीप से टक्कर हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें सोने की 10 ईंटें बरामद हुईं।
बरामद सोने की कीमत करीब 16 करोड़ रुपये आंकी गई है। मामले में महराजगंज के ठूठीबारी थाना क्षेत्र निवासी संदीप जायसवाल और नेपाल के पाल्पा जिले के सरोज पंथ को गिरफ्तार किया गया है।
कन्नौज के तालग्राम थाने में प्रारंभिक पूछताछ के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए कस्टम एवं सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों ने बरामद सोने और दोनों आरोपियों को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद अधिकारी दोनों आरोपियों और बरामद सोने को लेकर लखनऊ रवाना हो गए।
अब कस्टम विभाग सोने के स्रोत, इसके वास्तविक मालिक और तस्करी के पूरे नेटवर्क की गहनता से जांच कर रहा है। अधिकारियों की जांच का मुख्य फोकस नेपाल से भारत में सोना पहुंचाने और उसे दिल्ली तक ले जाने वाले नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने पर है।
सोने की इतनी बड़ी बरामदगी के बाद नेपाल सीमा से संचालित होने वाले तस्करी के नेटवर्क को लेकर भी जांच एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं।

