महाशिवरात्रि को लेकर डीएम- एसपी ने इटहिया व कटहरा शिव मंदिर का किया निरीक्षण

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


47 सीसीटीवी से होगी निगरानी, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व स्वच्छता व्यवस्था के दिए निर्देश

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज, 12 फरवरी 2026। महाशिवरात्रि पर्व के दृष्टिगत जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक  सोमेंद्र मीणा ने इटहिया पंचमुखी महादेव शिव मंदिर तथा कटहरा शिव मंदिर का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में आने-जाने के मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कंट्रोल रूम आदि का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मेले में भीड़ को नियंत्रित एवं सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए 47 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी निगरानी कंट्रोल रूम से की जाएगी। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए।


डीएम ने मेले में लगने वाली दुकानों को सुव्यवस्थित ढंग से लगाने, मूल्य दर समान रखने तथा खाद्य पदार्थों की नियमित जांच व निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा विद्युत व्यवस्था में नंगे व नीचे लटकते तार न रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि केवल केबल तारों का ही प्रयोग किया जाए, जिससे किसी प्रकार की अनहोनी न हो।


जिलाधिकारी ने एसडीएम को निर्देशित किया कि मंदिर परिसर में उत्पन्न कचरे का निस्तारण वैज्ञानिक ढंग से किया जाए तथा जैविक खाद निर्माण की दिशा में पहल की जाए।
पुलिस अधीक्षक  सोमेंद्र मीणा ने मंदिर परिसर एवं मार्गों पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए जलाभिषेक कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया। उन्होंने भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।


डीएम ने मंदिर परिसर एवं आसपास पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, मोबाइल टॉयलेट, पेयजल एवं अग्निशमन व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही सभी कर्मचारियों की तैनाती परिचय पत्र के साथ करने का निर्देश दिया। कटहरा शिव मंदिर में दुकानों को सुव्यवस्थित करने तथा नवनिर्मित सामुदायिक शौचालय को श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु खुलवाने के निर्देश भी दिए गए।


उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि के दिन सभी शिव मंदिरों पर आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं और कहीं भी श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।
निरीक्षण के उपरांत दोनों अधिकारियों ने भगवान शिव का जलाभिषेक एवं पूजन-अर्चन कर जनपदवासियों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। इटहिया शिव मंदिर में जिलाधिकारी द्वारा ध्यान केंद्र/वाचनालय का फीता काटकर उद्घाटन भी किया गया। उन्होंने कहा कि यह केंद्र आध्यात्मिक रुझान वाले लोगों को ध्यान एवं अध्ययन के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराएगा।


इस अवसर पर एसडीएम निचलौल  सिद्धार्थ गुप्ता, एसडीएम सदर  जितेंद्र कुमार, तहसीलदार निचलौल  अमित सिंह, सीओ बलंत सिंह, बीडीओ शमा सिंह सहित संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *