दीवार तोड़ घर में घुसी बेकाबू फॉर्च्यूनर, एनएच-730 पर भीषण टक्कर में दो घायल

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


भिटौली (महराजगंज)। गुरुवार सुबह एनएच-730 पर तरकुलवा फैक्ट्री के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर और ऑल्टो कार की जोरदार भिड़ंत के बाद एसयूवी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक मकान में जा घुसी। हादसे में दो लोग घायल हो गए, जबकि मकान का शटर और पिलर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब 7 बजे परतावल स्थित आलम हुसैन अहमद मोटर ड्राइविंग सेंटर के संचालक आलम हुसैन (60 वर्ष), निवासी परतावल, अपनी ऑल्टो 800 कार से यू-टर्न ले रहे थे। इसी दौरान गोरखपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर (UP 53 FF 4440) ने ऑल्टो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि फॉर्च्यूनर सड़क पार करते हुए तरकुलवा निवासी अख्तियार पुत्र महबूब के मकान में घुस गई। वहीं दूसरा वाहन सड़क के दूसरी ओर पलट गया।


हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को वाहनों से बाहर निकाला और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। 108 एंबुलेंस से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।


चिकित्सकों के मुताबिक आलम हुसैन के पैर में गंभीर फ्रैक्चर हुआ है, जबकि दूसरे वाहन में सवार शाहरुख (30 वर्ष), निवासी लक्ष्मीपुर भटगांवा, के सीने में चोट आई है। दोनों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।


सूचना मिलते ही भिटौली पुलिस मौके पर पहुंच गई और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है।

अनुज राज की रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *