हर्षोदय टाइम्स/ सुनील कुमार प्रजापति
महराजगंज जनपद के नौतनवां थाना क्षेत्र में एक ज्वेलरी व्यवसायी युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। अड्डा बाजार स्थित डुडी नदी पुल के पास, निर्माणाधीन शिखर फूड्स के सामने सड़क किनारे युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान अजय वर्मा (पुत्र ओमप्रकाश वर्मा), निवासी ग्राम बेलभर, अड्डा बाजार के रूप में हुई है।

सूचना मिलते ही नौतनवां थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव एवं क्षेत्राधिकारी अंकुर गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल को सुरक्षित कर फोरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने साक्ष्य संकलन कर प्रारंभिक जांच की। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
परिजनों के अनुसार अजय वर्मा की चकदह खास बाजार में ज्वेलरी की दुकान है। वह हाल ही में ग्राम बेलभर, अड्डा बाजार में अपना निजी मकान बनवाकर रहने लगे थे। बताया गया कि बीती रात करीब 9:30 बजे वह ससुराल में भोजन करने के बाद अपने घर के लिए निकले थे, जो ससुराल से मात्र लगभग 400 मीटर की दूरी पर है। इसके बावजूद सुबह उनका शव डुडी नदी पुल के पास मिला।
घटनास्थल पर सड़क किनारे मृतक की पल्सर बाइक गिरी हुई पाई गई, जबकि शव बाइक से करीब 30 मीटर दूर पड़ा था। बाइक पर केवल हल्की खरोंचें थीं, जिससे किसी बड़े सड़क हादसे की संभावना कम प्रतीत हो रही है। इन्हीं तथ्यों ने मामले को और अधिक संदिग्ध बना दिया है।
परिजनों ने इसे सामान्य दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है और निष्पक्ष व उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस रहस्यमय मौत से पूरे क्षेत्र में दहशत और चिंता का माहौल है। लोग पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के निष्कर्ष का इंतजार कर रहे हैं, ताकि सच्चाई सामने आ सके।


