हर्षोदय टाइम्स/विवेक कुमार पाण्डेय
भिटौली, महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के भिटौली बाजार में बीती रात एक तेज रफ्तार अनियंत्रित पिकअप की चपेट में आने से पूर्व प्रधान आशीष कुमार गौतम (49 वर्ष) की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक 10 वर्षीय किशोर हर्ष गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना शनिवार रात लगभग 9:30 बजे की है। जानकारी के अनुसार पूर्व प्रधान आशीष कुमार गौतम किराना दुकान से सामान खरीदकर पैदल अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान महाराजगंज की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आशीष गौतम सड़क पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
परिजन उन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय महाराजगंज लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाज़ुक होने पर डॉक्टरों ने गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि परिजन उन्हें लेकर गोरखपुर जा ही रहे थे कि महाराजगंज शहर से बाहर निकलते ही उनकी स्थिति अत्यंत खराब होने लगी। ऐसे में परिजन उन्हें पुनः जिला अस्पताल लेकर लौटे, जहां डॉक्टरों ने आशीष गौतम को मृत घोषित कर दिया।
दुर्घटना में 10 वर्षीय किशोर हर्ष भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे भी प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया गया है।
पूर्व प्रधान आशीष कुमार गौतम अपने मिलनसार तथा सौम्य स्वभाव के लिए जाने जाते थे। वे लगभग 10 वर्षों तक भिटौली ग्राम पंचायत का प्रतिनिधित्व कर चुके थे और एक बार क्षेत्र पंचायत सदस्य भी रहे। उनके निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। सूचना मिलते ही क्षेत्र के हजारों लोग उनके आवास पर पहुँचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।
थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र ने बताया कि दुर्घटना में शामिल वाहन और चालक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

