महराजगंज । यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं को सकुशल एवं नकलविहीन संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक तैयारियां अंतिम दौर में हैं। इसी क्रम में शासन द्वारा नामित स्टेट पर्यवेक्षक एवं डिप्टी डायरेक्टर उमेश कुमार तिवारी ने बुधवार देर रात परतावल क्षेत्र के दो परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
रात्रि करीब 9:30 बजे पहुंचे पर्यवेक्षक ने श्यामदेउरवा स्थित हैप्पी पब्लिक इंटर कॉलेज और श्रीमती गिरिजा देवी कन्या इंटर कॉलेज में परीक्षा संबंधी तैयारियों की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान कंट्रोल रूम, मॉनिटरिंग सेल, स्ट्रांग रूम, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, शौचालय व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, परीक्षा रजिस्टर, नामावली एवं कार्यालयी अभिलेखों की विस्तार से जांच की गई। पुस्तकालय एवं अन्य व्यवस्थाओं को भी परखा गया।
जांच के उपरांत सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। पर्यवेक्षक ने केंद्र व्यवस्थापकों को शासन के निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि परीक्षा की पारदर्शिता और शुचिता बनी रहे।
गौरतलब है कि यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 18 फरवरी से प्रारंभ होकर 13 मार्च तक संचालित होंगी। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा एवं निगरानी को लेकर शासन स्तर से सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान राजकीय पनियरा इंटर कॉलेज के प्रवक्ता मनोज गौड़, हैप्पी पब्लिक स्कूल के प्रबंधक रामगोपाल सिंह, प्रधानाचार्य जयबहादुर सिंह, लिपिक विनय कुमार सिंह तथा श्रीमती गिरिजा देवी इंटर कॉलेज की प्रबंध समिति के सदस्य आदित्य पाण्डेय सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


