नहर में मिला शव, 24 मुकदमों वाला गैंगस्टर गौतम उर्फ संदीप निकला

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र की देवरिया शाखा नहर में सोमवार को मिले अज्ञात शव की पहचान कुख्यात गैंगस्टर गौतम उर्फ संदीप के रूप में हुई है। परिजनों द्वारा शिनाख्त किए जाने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। रिपोर्ट में मौत का कारण डूबना बताया गया है।


पुलिस के अनुसार गौतम उर्फ संदीप पर गोरखपुर-बस्ती मंडल के विभिन्न जिलों में कुल 24 गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। इनमें लूट, हत्या के प्रयास और गैंगस्टर एक्ट जैसे संगीन अपराध शामिल हैं। गोरखपुर में पांच, कुशीनगर में दो, संतकबीरनगर में तीन, महराजगंज कोतवाली में दस, निचलौल में दो तथा सिंदुरिया थाने में दो मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।


बताया जाता है कि वह बीते कुछ समय से फरार चल रहा था। सोमवार को ग्रामीणों ने नहर में शव उतराता देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पहचान होने के बाद मंगलवार को पुलिस की मौजूदगी में उसके पैतृक गांव परसा गिदही में अंतिम संस्कार कराया गया।

पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से मौत की पुष्टि हुई है, हालांकि अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *